जालंधर बाईपास के पास दाना मंडी इलाके में एक व्यक्ति की चोरी हुई एक्टिवा कुछ ही देर में बरामद हो गई। इस दौरान लोगों ने एक्टिवा के पास मौजूद संदिग्ध युवक व महिला को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई की। बताया जाता है कि दोनों ने चोरी की बात स्वीकारी है।
चंद्र नगर निवासी एक व्यक्ति ई-रिक्शा चलाता है। वह अपनी पत्नी के साथ माडल टाउन स्थित बाबा दीप सिंह जी गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने गया था। इस दौरान उसे फोन पर सूचना मिली कि घर के बाहर खड़ी उसकी एक्टिवा किसी ने चोरी कर ली है।
सूचना मिलते ही वह तुरंत घर की ओर रवाना हो गया। वह रास्ते में अपनी एक्टिवा तलाशता जा रहा था। इसी बीच जब वह जालंधर बाईपास के पास दाना मंडी इलाके से गुजर रहा था तो उसकी नजर सड़क किनारे खड़ी अपनी एक्टिवा पर पड़ गई। एक्टिवा के पास एक युवक और एक महिला खड़े थे, जिन पर उसे शक हुआ।
पीड़ित ने जब उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो दोनों वहां से भागने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पीछा करके दोनों को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने उनकी जमकर पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान युवक और उसकी साथी ने एक्टिवा चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। घटना के दौरान मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई और कई लोगों ने पूरी घटना की अपने मोबाइल से वीडियो भी बनाई।


