शहर के अटवाल पैलेस रोड पर बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पराली से भरी एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राली में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में ट्राली में भरी पूरी पराली राख में बदल गई।
ट्रैक्टर-ट्राली सड़क किनारे लगे बिजली के ट्रांसफार्मर से टकरा गई थी। टक्कर के बाद ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी पराली पर गिर गई, जिससे उसमें आग भड़क उठी। पराली सूखी होने के कारण आग ने कुछ ही क्षणों में विकराल रूप ले लिया।
आसपास के लोग तुरंत मौके पर एकत्र हो गए और आग पर काबू पाने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक क्रेन के चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रैक्टर-ट्राली को सड़क से हटाकर साइड में कर दिया। चालक की इस तत्परता से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि आग और फैल जाती तो पास स्थित किसान एन्कलेव की रिहायशी इमारतों को भारी नुकसान पहुंच सकता था। हालांकि समय रहते स्थिति संभाल ली गई। इस घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रशासन ने दिन के समय शहर में ओवरलोड वाहनों की एंट्री पर रोक लगा रखी है, लेकिन इसके बावजूद लिंक रोड और अन्य मार्गों पर ट्रैक्टर-ट्रालियां बेखौफ गुजरती दिखाई देती हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हादसे में ट्रैक्टर-ट्राली को नुकसान पहुंचा है, लेकिन किसी भी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ।


