आदर्श नगर थाना क्षेत्र में नशे में धुत युवकों को घर जाने की सलाह देना एक युवक को काफी महंगा पड़ गया। आरोपितों ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस हमले में पीड़ित के पेट, सीने और हाथ में चाकू लगे हैं।
घायल को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर होने के बाद पीड़ित को लोक नायक अस्पताल में रेफर कर दिया गया। घायल युवक की पहचान लालबाग निवासी 30 वर्षीय शरीफ के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर सोमवार को एक नाबालिग को पकड़ लिया है। पुलिस अन्य हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
16 वर्षीय किशोर को पकड़ा
पुलिस के अस्पताल पहुंचने पर घायल बयान देने की हालत में नहीं था। पुलिस ने घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी कैमरे की जांच की। जिसके जरिए पुलिस ने सोमवार सुबह 16 वर्षीय किशोर को पकड़ लिया।
पूछताछ में उसने बताया कि घायल शरीफ इलाके से गुजर रहा था और उसके साथ साथ अन्य लड़के नशे में घूम रहे थे। घायल ने उनसे घर जाने के लिए कहा। आरोपितों को यह बात पसंद नहीं आई और उन्होंने उसपर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस अन्य दो आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।


