‘हरियाणा में उधार की सरकार चल रही है’, रणदीप सुरजेवाला का सैनी सरकार पर बड़ा आरोप, 18 योजनाओं में कटौती का दावा

 कांग्रेस महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा सरकार के साल 2026-27 के बजट के आंकड़ों पर सवाल उठाए हैं। कापी-पेन और आंकड़ों के दस्तावेज लेकर प्रेस कॉ़न्फ्रेंस में बैठे रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा में उधार की सरकार चल रही है।

उन्होंने दावा किया कि महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगों, विधवाओं, गर्भवती महिलाओं, लाडो लक्ष्मी योजना की लाभार्थियों, किसानों और युवाओं के लिए कल्याणकारी योजनाओं के बजट में भारी कटौती की गई है। कपास किसानों के साथ धोखा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने बयानबाजी और झूठी कहानियों का सहारा लेकर असली जनकल्याण से मुंह मोड़ लिया है।

कांग्रेस महासचिव ने चंडीगढ़ स्थित पार्टी कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि राज्य पर 3 लाख 94 हजार 551 करोड़ रुपये का कर्ज है। इसमें सार्वजनिक कंपनियों व बिजली सेक्टर का डेढ़ लाख करोड़ का कर्ज शामिल नहीं है। 12 साल से भाजपा सरकार हर रोज 74 करोड़ रुपये व हर घंटे तीन करोड़ आठ लाख रुपये का कर्ज ले रही है। एक मिनट में पांच लाख 14 हजार रुपये का कर्ज लिया जा रहा है। राज्य के प्रत्येक व्यक्ति के सिर पर एक लाख 40 हजार 911 रुपये का कर्ज है।

रणदीप सुरजेवाला ने 98 से 100 प्रतिशत बजट खर्च होने के सीएम के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि केंद्र सरकार के फिजिकल हेल्थ इंडेक्स में हरियाणा 14वें स्थान पर है, जबकि बिहार 13वें स्थान पर है। बुजुर्गों की पेंशन की मद में इस बार 2730 करोड़ रुपये का बजट काटा गया है, जबकि विधवा पेंशन की मद में 685 करोड़ रुपये की राशि काटी गई है। दिव्यांगजनों की पेंशन की मद में 136 करोड़ रुपये, दुर्घटना सहायता योजना की मद में 86 प्रतिशत बजट, सीएम मातृत्व योजना में 33 प्रतिशत बजट काट दिया गया है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि राज्य में 18 सामाजिक योजनाओं का बजट काटा गया है, जिसका मतलब साफ है कि लाभान्वित लोगों की संख्या में धीरे-धीरे भारी कमी की जाने वाली है। लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ राज्य की 95 लाख महिलाओं को देने का वादा भाजपा ने किया था, लेकिन सिर्फ नौ प्रतिशत को लाभ दिया। महिलाओं को हर माह अपने जीवित होने का प्रमाण देने को कहा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *