खाड़ी में फंसे भारतीयों को निकालने की तैयारी में जुटी सरकार, 10 स्पेशल Flight चलाएगी IndiGo

 पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच केंद्र सरकार खाड़ी में फंसे भारतीय नागरिकों को सकुशल निकालने की तैयारियों में जुट गई है। केंद्र सरकार भारतीयों की सुरक्षित निकासी के लिए भारतीय दूतावासों के लगातार संपर्क में है। इसके साथ ही देश भर की राज्य सरकारों ने खाड़ी में फंसे नागरिकों की सहायता के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा कि वह पश्चिम एशिया में हवाई क्षेत्र की बदलती स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है। इंडिगो तीन मार्च को जेद्दा (सऊदी अरब) से विभिन्न भारतीय शहरों के लिए 10 विशेष राहत उड़ानें संचालित करने की योजना बना रही है। ये उड़ानें आवश्यक स्वीकृतियों और मौजूदा हवाई क्षेत्र की स्थितियों पर निर्भर हैं।

भारतीय वाणिज्य दूतावास के साथ समन्वय कर रही इंडिगो

इंडिगो यात्रियों की सुविधा के लिए जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के साथ समन्वय कर रही है। सूत्रों ने बताया कि जेद्दा से हैदराबाद, मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद के लिए उड़ानें संचालित की जाएंगी। रविवार रात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई सुरक्षा मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीएस) की बैठक में खाड़ी देशों में रहने वाले भारतीय प्रवासियों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की गई।सीसीएस ने सभी संबंधित विभागों को इन घटनाक्रमों से प्रभावित भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए आवश्यक उपाय करने का निर्देश दिया है। केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने सोमवार को कहा कि केंद्र सरकार खाड़ी क्षेत्र में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए पूरी तरह तैयार है। युद्ध से प्रभावित लोगों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित दूतावासों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *