पंजाब के युवक की प्रताड़ना से तंग आकर मंडी की नर्सिंग प्रशिक्षु ने उठाया खौफनाक कदम, कमरे से सुसाइड नोट बरामद

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में मनचले युवक से परेशान बीएससी नर्सिंग प्रशिक्षु ने सुसाइड कर लिया। बताया जा रहा है पंजाब का युवक उसे तंग कर रहा था, मानसिक उत्पीड़न से तंग होकर युवती ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मंडी के सुंदरनगर क्षेत्र में 22 वर्षीय नर्सिंग छात्रा ने घर में यह खौफनाक कदम उठाया।

पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने गांव रोपा डाकघर भोजपुर तहसील सुंदरनगर निवासी 72 वर्षीय किशोर चंद के बयान पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पिता को बताया था कि युवक तंग कर रहा

उन्होंने बताया कि उनकी दत्तक पुत्री 22 वर्षीय दिव्य ज्योति सैनी बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर चुकी थी और इन दिनों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुंदरनगर में प्रशिक्षण ले रही थी। किशोर चंद ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी बेटी ने 6 अप्रैल को उन्हें जानकारी दी थी कि ललित नाम का एक युवक उसे बार-बार परेशान कर रहा था। आरोपित युवक पंजाब का रहने वाला बताया गया है, जो उसे फोन कर मिलने के लिए दबाव बनाता था।

सीएचसी सुंदरनगर तक पहुंच गया

बताया गया कि 4 अप्रैल को भी युवक ने कई बार कॉल कर उसे सीएचसी सुंदरनगर के बाहर मिलने के लिए कहा। छात्रा ने अपने पिता को बताया था कि वह युवक से बात नहीं करना चाहती, बावजूद इसके वह लगातार उसे तंग करता रहा है।

उत्पीड़न से परेशान होकर लगाई फांसी

स्वजन का आरोप है कि इसी मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर युवती ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद जब परिजनों ने कमरे की तलाशी ली तो वहां एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

पठानकोट निवासी है आरोपित

शिकायतकर्ता ने आरोपित की पहचान ललित कुमार पुत्र दर्शन लाल, निवासी नरोट मेहरा, तहसील पठानकोट (पंजाब) के रूप में की है, जो पहले उनके घर सोलर का सामान लगाने आया था।

पुलिस ने तेज की जांच

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सुसाइड नोट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। आरोपित की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *