होली अवकाश में मु्ख्यालय नहीं छोड़ेंगे UP Board परीक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारी-कर्मचारी, DIOS को सख्त निर्देश

यूपी बोर्ड 2026 की संचालित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं को लेकर होली अवकाश अवधि में भी सख्ती बरती जाएगी। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा निदेशक डाॅ. महेंद्र देव ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश जारी करते हुए प्रश्नपत्रों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। कहा है कि एक मार्च से 4 मार्च तक होली अवकाश के दौरान परीक्षा कार्य से जुड़े कोई भी अधिकारी या कर्मचारी बिना सक्षम प्राधिकारी की लिखित अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।

जेडी की अनुमति के बिना नहीं जाएंगे मुख्यालय के बाहर

उन्होंने स्पष्ट किया है कि जिला स्तर के अधिकारी मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) की अनुमति के बिना मुख्यालय से बाहर नहीं जाएंगे, जबकि संयुक्त एवं अपर शिक्षा निदेशक स्तर के अधिकारी शिक्षा निदेशक की अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। आदेश का उल्लंघन करने पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

स्ट्रांग रूम की सतत निगरानी के निर्देश

परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्रों की अभेद सुरक्षा बनाए रखने के लिए स्ट्रांग रूम की सतत निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक होने पर तत्काल मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक एवं परिषद मुख्यालय को सूचना देना अनिवार्य होगा। लापरवाही पाए जाने पर केंद्र व्यवस्थापक व संबंधित प्रभारी अधिकारी के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।

24 घंटे अधिकारी व कर्मचारी फोन सक्रिय रखेंगे

इसके अतिरिक्त सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मोबाइल फोन 24×7 सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। संपर्क न होने की स्थिति को घोर लापरवाही माना जाएगा। अवकाश अवधि में स्ट्रांग रूम का आकस्मिक निरीक्षण भी सुनिश्चित किया जाएगा, जिसमें सीसीटीवी व्यवस्था, सुरक्षा एवं तैनात कर्मियों की उपस्थिति की गहन जांच की जाएगी।

गृह जनपद जाने के लिए शिक्षकों ने मांगी अनुमति

यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाएं होली अवधि में स्थगित रहेंगी, लेकिन परीक्षा केंद्रों के स्ट्रांग रूमों में रखे प्रश्नपत्रों की सुरक्षा विभाग और यूपी बोर्ड की प्राथमिकता है। ऐसे में माध्यमिक शिक्षा निदेशक डाॅ. महेंद्र देव ने होली अवकाश अवधि में परीक्षा संबंधी कार्यों के सुचारु संचालन एवं सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षकों के लिए निर्देश जारी किए हैं।

शिक्षा निदेशक को पत्र भेजा गया है

कहा है कि अवकाश अवधि में वह (डीआइओएस) तथा परीक्षा कार्य से जुड़े अधीनस्थ अधिकारी/कर्मचारी बिना मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक की अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे। इसके विरोध में राजकीय शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश की ओर से होली अवकाश के दौरान परीक्षा ड्यूटी में लगे शिक्षकों को उनके गृह जनपद जाने की अनुमति देने की मांग की गई है। इसके लिए शिक्षा निदेशक को पत्र भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *