सासाराम रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। 12819 अप Bhubaneswar–Anand Vihar Odisha Sampark Kranti Express प्लेटफॉर्म संख्या दो पर रुकी थी। ट्रेन के रुकते ही कुछ यात्री चाय-पानी लेने के लिए नीचे उतर गए। सुबह लगभग 8:33 बजे हरी झंडी मिलते ही ट्रेन खुलने लगी। इसी दौरान एक यात्री दौड़कर चलती ट्रेन में चढ़ने लगा। अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गिरने लगा।
चलती ट्रेन से लटका यात्री
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यात्री गेट का पाइप पकड़कर लटक गया। वह प्लेटफॉर्म और पटरी के बीच के गैप में घसीटने लगा। स्थिति बेहद गंभीर हो चुकी थी।
तभी ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ के एएसआई दिलीप कुमार ने तत्परता दिखाई। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना यात्री को पकड़ लिया।
समय रहते उसे सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर खींच लिया गया।
ऑपरेशन जीवन रक्षा में खुद हुए घायल
यात्री को बचाने के दौरान एएसआई दिलीप कुमार खुद घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने संयम नहीं खोया। वॉकी-टॉकी से तुरंत स्टेशन मास्टर को सूचना दी।
ट्रेन को रुकवाया गया ताकि यात्री को दोबारा सुरक्षित चढ़ाया जा सके। घायल अवस्था में भी उन्होंने कर्तव्य निभाया। उनकी तत्परता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
पश्चिम बंगाल का रहने वाला है यात्री
पूछताछ में यात्री ने अपना नाम सुकुमार लामा (35) बताया। वह पश्चिम बंगाल के पश्चिमी मिदनापुर जिले का निवासी है। कोच संख्या एस-6 में बर्थ संख्या 7 और 8 पर पत्नी के साथ यात्रा कर रहा था।
वह हिजली खड़गपुर से आनंद विहार तक सफर कर रहा था। यात्री ने आरपीएफ और एएसआई को धन्यवाद दिया। उसने कहा कि समय रहते बचाव नहीं होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
सदर अस्पताल में कराया गया इलाज
घटना के तुरंत बाद एएसआई दिलीप कुमार को सदर अस्पताल सासाराम ले जाया गया। वहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने पूरी घटना की पुष्टि की।


