समस्तीपुर जिले के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण तब आया, जब प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (पीबीएल) कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय मेले में गणित विषय पर आधारित एक अभिनव मॉडल को सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि ने न केवल जिले की शैक्षणिक गुणवत्ता को नई ऊंचाई दी, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव की नींव रख सकते हैं।
हसनपुर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, डुमरा टोल की छात्रा शबनम कुमारी ने पाइथागोरस प्रमेय पर आधारित अपने गणितीय मॉडल से राज्य स्तरीय मंच पर विशिष्ट पहचान बनाई।
उसके मॉडल ने जटिल गणितीय अवधारणाओं को सरल, स्पष्ट और प्रयोगात्मक रूप में प्रस्तुत किया। मॉडल के माध्यम से यह दर्शाया गया कि किसी समकोण त्रिभुज में कर्ण का वर्ग अन्य दो भुजाओं के वर्गों के योग के बराबर होता है।
जिज्ञासा और तर्कशीलता को मिला प्रोत्साहन:
शबनम के मॉडल ने यह भी सिद्ध किया कि परियोजना आधारित शिक्षण पद्धति बच्चों में जिज्ञासा, तर्कशीलता और रचनात्मकता को बढ़ावा देती है। छात्रा ने अपने मॉडल की व्याख्या आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत की, जिससे निर्णायक मंडल और उपस्थित शिक्षकों ने उसकी सराहना की।
जिले के लिए प्रेरणादायक:
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्राथमिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान) जमालुद्दीन ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे जिले के लिए प्रेरणादायक बताया।
उन्होंने कहा कि यह सफलता जिले के सभी पीबीएल सदस्यों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। राज्य स्तर पर समस्तीपुर का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रतिभागियों ने अपनी नवाचार क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने राज्य स्तरीय मेले में भाग लेने वाले सभी प्रतिनिधियों को सम्मानित करने की घोषणा भी की।


