देवसर बाजार में सिलेंडर ब्लास्ट के बाद भीषण आग, आधा दर्जन दुकानें जलकर खाक

सिंगरौली। जिले के जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत देवसर बाजार में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक होटल में घरेलू गैस सिलेंडर फटने के बाद भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये के सामान के जलकर नष्ट होने की आशंका जताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह बाजार खुलने के दौरान एक होटल में रखे घरेलू गैस सिलेंडर में अचानक विस्फोट हुआ। ब्लास्ट की आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए। विस्फोट के बाद निकली आग तेजी से फैलती चली गई और पास की दुकानों तक पहुंच गई। कुछ ही देर में पूरे क्षेत्र में धुआं और आग की लपटें दिखाई देने लगीं।

आग की चपेट में आने से गुलाब होटल, पप्पू होटल, राम सिया चाय दुकान, अनिल ज्वेलर्स सहित करीब आधा दर्जन दुकानें जलकर खाक हो गईं। दुकानों में रखा फर्नीचर, खाद्य सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। बाल्टियों और पानी के अन्य साधनों की मदद से लोगों ने काफी देर तक मशक्कत कर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया।

घटना की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग से काफी नुकसान हो चुका था। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर पूरी तरह काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, हालांकि कई दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

घटना के बाद बाजार क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रशासन और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची तथा नुकसान का आंकलन शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण घरेलू गैस सिलेंडर का ब्लास्ट बताया जा रहा है, हालांकि अधिकारियों द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।  देवसर बाजार की इस घटना ने एक बार फिर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों और घरेलू गैस सिलेंडरों के उपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *