हजारीबाग में जीटी रोड पर ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी, CCTV ढका और तिजोरी काटकर 30 लाख के आभूषण ले गए चोर

2.5kViews
1438 Shares

जीटी रोड से सटे महुदी मोड़ स्थित अंजलि ज्वेलर्स में बीती रात अज्ञात अपराधियों ने लगभग तीस लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी कर ली। घटना से क्षेत्र के व्यवसायियों में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, अंजलि ज्वेलर्स के संचालक अनिल सोनी पिछले करीब चार वर्षों से महुदी मोड़ स्थित किराए के मकान में अपनी दुकान संचालित कर रहे हैं। बुधवार तड़के पड़ोसियों को संदेह होने पर घटना का खुलासा हुआ। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार

दीवार में बड़ा गोल छेद कर अंदर प्रवेश

चोरों ने दुकान के बगल स्थित संकरे गलियारे की दीवार में बड़ा गोल छेद कर अंदर प्रवेश किया। अंदर घुसते ही सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे को प्लास्टिक से ढक दिया, ताकि उनकी गतिविधियां स्पष्ट न दिखें। इसके बाद अपराधियों ने तिजोरी को काटकर उसमें रखे लाखों के आभूषण समेट लिए। बताया जाता है कि चोरी की पूरी वारदात को अंजाम देने में तीन से चार घंटे का समय लगा।

सेहरी के समय पास में रहने वाली एक महिला की नजर जब अनजान नकाबपोशों पर पड़ी तो उसने आवाज लगाई, तो अपराधियों ने हथियार लहराते हुए उसे चुप रहने की धमकी दी। महिला सहम गई और घर के अंदर चली गई। कुछ देर बाद जब परिजनों को जानकारी दी गई, तब तक चोर फरार हो चुके थे। जानकारी के अनुसार, मौके पर चार से पांच अपराधी मौजूद थे।

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी अजीत कुमार विमल और थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच प्रारंभ कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

ड्रेस कोड में थे चोर, मुंह पर था नकाब

जानकारी के अनुसार सभी अपराधी एक जैसे सफेद रंग के कपड़ों में थे और चेहरे पर नकाब लगाए हुए थे। सभी हथियारबंद बताए जा रहे हैं। दुकान में प्रवेश करते ही उन्होंने सीसीटीवी कैमरे को प्लास्टिक से ढक दिया, लेकिन इससे पहले उनकी गतिविधियां कैमरे में दर्ज हो चुकी थीं। पुलिस फुटेज को खंगाल कर अपराधियों की पहचान में जुटी है। सीसीटीवी में तीन चोरों को दुकान के अंदर देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *