ताजमहल में रविवार को पर्यटक उमड़े तो नियम टूटते नजर आए। पर्यटक वाटर चैनल में चहलकदमी करने के साथ उसमें पैर डालकर बैठे रहे।
उन्हें भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) या केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) द्वारा नहीं हटवाया गया। इसका वीडियो इंंटरनेट मीडिया में प्रसारित हो रहा है।
ताजमहल में वीडियो प्लेटफार्म से लेकर मुख्य मकबरे के चमेली फर्श तक उद्यान में वाटर चैनल बना हुआ है। इसमें फव्वारे लगे हैं। एएसआइ ने वाटर चैनल के दोनों ओर स्थित पाथवे पर पर्यटकों का प्रवेश निषेध किया हुआ है।
रविवार को दोपहर में सेंट्रल टैंक के पास वाटर चैनल में पर्यटक चहलकदमी रहे। वाटर चैनल में भरे पानी में पैर डालकर बैठे। इसका एक मिनट 14 सेकेंड का वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हुआ है, जिससे एएसआइ और सीआइएसएफ की निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं।
रविवार को 29 हजार 306 पर्यटक ताजमहल देखने पहुंचे, जिनमें 27 हजार 303 भारतीय और 2003 विदेशी शामिल थे। इसमें 15 वर्ष तक के बच्चों को शामिल कर लें तो दिनभर में 40 हजार पर्यटक आए।
ताजमहल के वरिष्ठ संरक्षण सहायक कलंदर ने बताया कि वीडियो संज्ञान में आया है। उद्यान में उद्यान शाखा के कर्मचारियों की ड्यूटी रहती है। सोमवार को इसकी जांच कराई जाएगी।
भीड़ में बिछड़े बच्चों व बुजुर्गों को मिलाया
मऊ से ताजमहल देखने आए पर्यटक अंगद का चार वर्षीय बेटा अयान टिकट विंडो के पास बिछड़ गया। वह ताजमहल के अंदर दूसरे पर्यटक के साथ प्रवेश कर गया था, जबकि परिवार बाहर रह गया था।
राजस्थान के अलवर से आए हर्ष पवार अपनी बहन से बिछड़ गए। हरियाणा के सिरसा से ग्रुप के साथ आईं दर्शना और एक अन्य पर्यटक ग्रुप से बिछड़ गईं। ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पोंस टीम ने सीसीटीवी फुटेज चेक कर और अनाउंसमेंट कर मिलाया।
उधर, दिल्ली के भजनपुरा से आए शाहिद अली और उनकी पत्नी आशमा ने सीआइएसएफ कंट्रोल रूम में डेढ़ वर्षीय बेट आयरु के गुम होने की सूचना दी। सीआइएसएफ ने आयरु को आधा घंटे में तलाश लिया।


