सिंगरौली में स्पा सेंटरों की आड़ में देह व्यापार का आरोप, वैढ़न, विंध्यनगर और नवानगर क्षेत्र में बढ़ी हलचल

2.6kViews
1847 Shares

सिंगरौली। जिले के वैढ़न, विंध्यनगर और नवानगर क्षेत्र में संचालित कुछ स्पा सेंटरों की कार्यशैली को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्थानीय सूत्रों और हालिया शिकायतों के आधार पर दावा किया जा रहा है कि स्पा सेंटर की आड़ में कथित रूप से देह व्यापार का अवैध धंधा संचालित किया जा रहा है। आरोपों के घेरे में नेचुरल थाई स्पा, O2 स्पा, ब्लू मून, डायमंड स्पा और खुशी स्पा नामक प्रतिष्ठान बताए जा रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन हाल की एक शिकायत के बाद मामला चर्चा में आ गया है।

युवती की शिकायत से खुला मामला

सूत्रों के अनुसार, हाल ही में नवानगर थाना क्षेत्र में एक स्पा सेंटर से जुड़ी युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कुछ स्पा सेंटरों में मसाज सेवा की आड़ में अवैध गतिविधियां कराई जा रही हैं। इस शिकायत के बाद पुलिस थाना में हलचल तो तेज हुई मगर अभी तक इस मामले को ठंडे बस्ते में रख दिया गया है। इस पर अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

संचालकों और कथित मास्टरमाइंड पर सवाल

स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे सोनू, अब्दुल और साहिल नामक व्यक्तियों साथ साथ कुछ अन्य व्यक्तियों की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है। हालांकि पुलिस की ओर से इन नामों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सूत्रों का यह भी दावा है कि कथित रूप से बाहरी राज्यों और कुछ मामलों में अन्य देशों से भी युवतियों को लाकर इस धंधे में शामिल किया जाता है।

पुलिस और प्रशासन की भूमिका पर उठे सवाल

क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि शहर के प्रमुख इलाकों में खुलेआम संचालित हो रहे इन स्पा सेंटरों पर अब तक कड़ी कार्रवाई क्यों नहीं हुई। वहीं, पुलिस का कहना है कि यदि ठोस साक्ष्य मिलते हैं तो नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि जिले की सामाजिक व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालने वाला मामला है। फिलहाल, प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *