जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के छात्रू क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने लंबी और चुनौतीपूर्ण कार्रवाई के बाद बड़ी कामयाबी हासिल की है। पिछले 326 दिनों तक लगातार और बेहद कठिन उच्च हिमालयी इलाकों में हाई-एल्टीट्यूड ऑपरेशन चलाते हुए सुरक्षा बलों ने सात कुख्यात आतंकवादियों को मार गिराया।
यह संयुक्त अभियान सोलह कोर जम्मू कश्मीर पुलिस व सीआरपीएफ द्वारा चलाया गया। अभियान के दौरान जवानों ने कड़ाके की ठंड, बारिश और बर्फबारी के बीच दुर्गम पहाड़ी इलाकों में आतंकवादियों का लगातार पीछा किया, जिससे कई बार मुठभेड़ की स्थिति बनी।
सिविल और सैन्य खुफिया एजेंसियों द्वारा स्थापित मजबूत इंटेलिजेंस ग्रिड के आधार पर चलाए गए इस ऑपरेशन में अंततः कुख्यात आतंकी सैफुल्लाह और उसके साथियों सहित सभी सात आतंकवादियों का सफाया कर दिया।
अत्याधुनिक संचार प्रणालियों की ली गई मदद
अभियान के दौरान आधुनिक तकनीक का व्यापक उपयोग किया गया। एफपीवी ड्रोन, सैटेलाइट इमेजरी, आरपीए/यूएवी और अत्याधुनिक संचार प्रणालियों की मदद से आतंकियों की गतिविधियों पर नजर रखी गई और ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।
सुरक्षाबलों के अटूट संकल्प, साहस और वीरता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आतंक के नेटवर्क को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई को क्षेत्र में सक्रिय आतंकी तंत्र के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।


