बेंगलुरु की झीलों पर संकट: एक में भी पीने या नहाने लायक पानी नहीं, रिपोर्ट

2.8kViews
1061 Shares

कर्नाटक राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (KSPCB) के हालिया आंकड़ों बेंगलुरु शहर की एक भी झील का पानी पीने या नहाने के लायक नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक, बेलंदूर और वर्थुर जैसी प्रतिष्ठित झीलें भारी प्रदूषण के कारण ‘डी’ और ‘ई’ श्रेणी में बनी हुई हैं।

दरअसल, अप्रैल और नवंबर 2025 के बीच किए गए जल गुणवत्ता विश्लेषण के अनुसार, शहर की 147 झीलों में से एक भी झील सुरक्षित मानकों (श्रेणी ए या बी) पर खरी नहीं उतरी है। यानी इन झीलों का पानी मानवीय उपयोग तो दूर, पशुओं के लिए भी असुरक्षित हो चुका है।

चौंकाने वाली बात यह है कि बेंगलुरु शहर की सबसे ज्यादा प्रदूषण से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में प्रतिष्ठित झीलें भी शामिल हैं। बेंगलुरु की कई सबसे प्रसिद्ध झीलों में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक पाया गया। अधिकांश झीलों को डी या ई श्रेणी में रखा गया, जो भारी प्रदूषण का संकेत देता है।

बेलंदुर झील-
अप्रैल में इसे ई रेटिंग दी गई थी, गर्मियों के दौरान यह थोड़े समय के लिए डी रेटिंग तक सुधरी, लेकिन नवंबर तक आते-आते यह वापस ई रेटिंग पर आ गई।

वर्थुर झील-
डी और ई श्रेणियों के बीच उतार-चढ़ाव देखा गया।

हेब्बल झील-
अधिकांश महीनों तक डी श्रेणी में बनी रही, फिर धीरे-धीरे ई श्रेणी में आ गई।

अन्य गंभीर रूप से प्रभावित झीलों में मडीवाला, काइकोंडनहल्ली, कुंडलाहल्ली और उल्सूर (सभी डी/ई श्रेणी की) शामिल हैं, जबकि सैंकी टैंक की श्रेणी डी बनी हुई है। एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, तेजी से शहरीकरण और अनुपचारित अपशिष्ट निर्वहन के कारण झीलें सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *