धनबाद में ट्रक ने घर बाहर सो रही बच्ची को कुचला, ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया हंगामा

2.4kViews
1463 Shares

 झरिया थाना क्षेत्र के लिलोरीपथरा बालूगद्दा में 11 वर्षीय मुस्कान की दर्दनाक मौत ने एक बार फिर अवैध कोयला परिवहन और बेलगाम ट्रकों की आवाजाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रविवार देर रात लगभग दो बजे अवैध कोयला लदा एक तेज रफ्तार ट्रक घर के बाहर सो रही मुस्कान को कुचलते हुए फरार हो गया। घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

स्थानीय लोगों व स्वजन का आरोप है कि क्षेत्र में रात के अंधेरे में अवैध कोयला ढोने वाले ट्रकों की लगातार आवाजाही होती है। भारी वाहन तेज रफ्तार में मोहल्ले से गुजरते हैं, जिससे आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है।

लोगों का कहना है कि प्रशासन को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस हादसे ने लोगों के गुस्से को भड़का दिया। सोमवार की सुबह करीब सात बजे आक्रोशित स्वजन और स्थानीय लोगों ने झरिया–बलियापुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।

घंटो तक हुआ जमकर हंगामा

प्रदर्शनकारियों ने अवैध खनन पर रोक, दोषी ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सड़क जाम के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गई।

सूचना मिलते ही झरिया समेत आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि आक्रोशित लोग कार्रवाई की ठोस घोषणा तक हटने को तैयार नहीं थे। माहौल तनावपूर्ण बना रहा।

घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक सह मेयर प्रत्याशी संजीव सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया और प्रशासन से अवैध परिवहन पर सख्ती बरतने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *