नेवारी गांव में 18 माह की मासूम की संदिग्ध मौत, घर से 25 मीटर दूर झाड़ियों में मिला शव

5.3kViews
1263 Shares

सिंगरौली। गढ़वा थाना अंतर्गत बगदरा चौकी क्षेत्र के नेवारी गांव से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। रविवार सुबह घर से लापता हुई 18 माह की मासूम बच्ची का शव सोमवार सुबह घर से महज 25 मीटर की दूरी पर झाड़ियों में मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। मृत बच्ची की पहचान प्रियांशु पनिका (पिता – संतोष पनिका) के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस आंगन में कल तक मासूम की किलकारियां गूंज रही थीं, आज वहां मातम पसरा हुआ है।

रविवार सुबह अचानक हुई लापता

परिजनों के अनुसार, रविवार सुबह लगभग 9 बजे बच्ची घर के आंगन में खेल रही थी। कुछ देर बाद जब परिवार के लोगों की नजर उस पर नहीं पड़ी तो तलाश शुरू की गई। आसपास के खेतों, पड़ोस और संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की गई, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कर आसपास के क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

 

सोमवार सुबह झाड़ियों में मिला शव

लगातार खोजबीन के बाद सोमवार सुबह लगभग 6 बजे घर से करीब 25 मीटर दूर झाड़ियों में बच्ची का शव मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। परिवार के लोगों का कहना है कि उन्हें किसी अनहोनी की आशंका पहले से थी, लेकिन इतनी दर्दनाक परिणति की कल्पना नहीं की थी।

 

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड (डॉग एस्कॉर्ट) और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को मौके पर बुलाया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और हर संभावित एंगल से जांच की जा रही है। प्राथमिक तौर पर मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी कि यह दुर्घटना थी, किसी जंगली जानवर का हमला या फिर कोई अन्य कारण।

 

गांव में पसरा मातम

नेवारी गांव में इस हृदयविदारक घटना के बाद सन्नाटा छा गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और शीघ्र जांच की मांग की है। परिजन न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है। रिपोर्ट आने के बाद ही इस दर्दनाक घटना से पर्दा उठ सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *