कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक भवन में मंत्रियों को स्पष्ट और राजनीतिक संदेशों से युक्त दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सरकार की आगामी रणनीति की रूपरेखा भी सामने रखी। खासतौर पर 24 जनवरी को मनाए जाने वाले उत्तर प्रदेश दिवस को लेकर सरकार का राजनीतिक और सांस्कृतिक एजेंडा तय किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए कि इस बार यूपी दिवस के कार्यक्रम केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित न रहें, बल्कि देश के उन राज्यों में भी आयोजित किए जाएं, जहां उत्तर प्रदेश के लोग बड़ी संख्या में निवास करते हैं।
सरकार का उद्देश्य इन आयोजनों के माध्यम से उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, निवेश की संभावनाओं और राज्य सरकार की उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी दिवस को एक ऐसे मंच के रूप में विकसित किया जाए, जिससे प्रदेश की सकारात्मक छवि देशभर में और मजबूत हो सके।

