उप्र से हथियारों की सप्लाई का मामला दरऊ से जुड़ते ही राजनीतिक पारा चढ़ गया है। मौजूदा किच्छा विधायक के आरोपों का पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने भी कड़ा जवाब दिया।
उन्होंने कहा कि झूठ आैर फरेब की राजनीति करने वाले तिलकराज बेहड़ पाक साफ होने की कोशिश न करें, क्षेत्रीय जनता सब समझती है। शुक्ला ने कहा कि जब किच्छा में एक युवक की हत्या हुई थी तब वह कहां थे। अपराधियों को संरक्षण उस वक्त किसने दिया।
अपने आवास पर पत्रकारों से बात करते हुए पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि राजनीति में मतभेद होते हैं, साजिश नहीं होनी चाहिए। चरित्र हत्या नहीं होनी चाहिए, मर्यादा और संस्कार तो रहने ही चाहिए। किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ कभी महापौर विकास शर्मा को संस्कार सिखा रहे है तो कभी भाजपा नेता सुरेश कोली से बाप बदलने जैसे अपशव्द बोल रहे हैं। शुक्ला ने कहा कि बेहड़ ने सुरेश कोली को ऐसा बोलकर सुरेश का ही नहीं बल्कि पूरी अनुसूचित जाति का अपमान किया है। इसके लिए बेहड़ को सुरेश कोली से कान पकड़कर माफी मांगनी चाहिए।
शुक्ला ने कहा कि जनता के बीच नकारे जा चुके बेहड़ का काम उन पर इल्जाम लगाना और गुंडों को संरक्षण देने का आरोप लगाना ही रह गया है। मेयर ने तीनपानी डैम के काम के लिए प्रयास किया है। मगर विधायक बेहड़ झूठ बोलकर अपनी उपलब्धि बताने में लगे हैं। शुक्ला ने कहा कि गफ्फार का नाम यदि बरेली केस में सामने नहीं आया तो बेहड़ क्या करेंगे, इसका जवाब दें। शुक्ला ने कहा कि गफ्फार को फंसाने की साजिश भी की हो सकती है।


