भदोखर के परौरा गांव में गुरुवार को गांव निवासी एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थिति में गांव के बाहर पेड़ में लटकता मिला। मृतक के पैर जमीन पर टिके थे। शव की हालत देख परिवारजन व ग्रामीणों ने युवक की हत्या कर शव लटकाए जाने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने परिवारजन की तहरीर पर दो महिलाओं सहित चार लोगों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच कर रही है।
गांव निवासी विंदेश्वरी ने पुलिस काे तहरीर देकर बताया कि बुधवार की रात करीब 12 बजे गांव के ही हीरालाल, कमल, रेनू व रेखा ने उनके पुत्र अनुज को फोन कर घर बुलाया। आरोप है कि जब अनुज वहां पहुंचा तो आरोपितों ने गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी देते हुए उसे मारा पीटा।
विंदेश्वरी के अनुसार जानकारी होने पर वह और अन्य परिवारजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह अनुज को छुड़ाकर घर ले आए। इसके बाद गुरुवार की सुबह उन्हें अनुज का शव गांव निवासी एक व्यक्ति के हाते में नीम के पेड़ पर लटका होने की जानकारी मिली।
जानकारी होते ही परिवारजन समेत बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद आक्रोशित परिवारजन व ग्रामीणों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिस पर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया।


