विक्रमादित्य सिंह ने केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान से मांगी हिमाचल के लिए सड़क परियोजनाएं, 1200 KM का नया प्रस्ताव

1352 Shares

 हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भेंट की। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) चरण‑4 के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश में स्वीकृत सड़क परियोजनाओं तथा चल रहे कार्यों की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

डोडरा क्वार की सड़क का मुद्दा उठाया

बैठक में शिमला ज़िले के अत्यंत दुर्गम और ऊंचाई वाले क्षेत्र डोडरा क्वार की सड़क परियोजनाओं का विषय मुख्य रूप से उठाया गया। अवगत करवाया कि पीएमजीएसवाई चरण‑-1 के अंतर्गत स्वीकृत डोडरा क्वार क्षेत्र की सड़क का कुछ भाग कठोर भौगोलिक परिस्थितियों, दुर्गम भू‑सतह, कठिन मौसम और सीमित कार्य‑मौसम के कारण अभी तक पूर्ण नहीं हो सका है, जबकि यह मार्ग स्थानीय ग्रामीण आबादी, सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य आपातकालीन सेवाओं तथा आवश्यक सामग्री की आपूर्ति की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है।

शेष कार्यों के लिए विशेष छूट दी जाए

विक्रमादित्य सिंह ने अनुरोध किया कि डोडरा क्वार क्षेत्र के लंबित सड़क पैकेज और चरण-‑1 के शेष कार्यों के लिए विशेष छूट, अतिरिक्त वित्तीय सहयोग तथा तकनीकी सहायता प्रदान की जाए, ताकि इस भौगोलिक रूप से चुनौतिपूर्ण क्षेत्र के लोगों को शीघ्र सर्व‑मौसम सड़क सुविधा सुनिश्चित की जा सके।

1,200 किलोमीटर अतिरिक्त सड़कों का प्रस्ताव

हिमाचल प्रदेश के लिए पीएमजीएसवाई‑ IV के तहत लगभग 1,500 किलोमीटर लंबाई की ग्रामीण सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है, जिनकी अनुमानित लागत लगभग ₹2,300 करोड़ है। साथ ही, प्रदेश सरकार द्वारा पीएमजीएसवाई ‑IV के ही दूसरे चरण में लगभग 1,200 किलोमीटर अतिरिक्त सड़कों का प्रस्ताव केंद्र सरकार के समक्ष रखा गया है, जिसके लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा डीपीआर (विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन) तैयार किए जा रहे हैं और निकट भविष्य में इन परियोजनाओं की स्वीकृति की अपेक्षा है।

गिफ्ट डीड उपलब्ध करवाएं लोग

विक्रमादित्य सिंह ने समस्त जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों और भूमि‑स्वामियों से अपील की कि वे अधिकतम संख्या में गिफ्ट डीड उपलब्ध करवाकर विभाग को सहयोग दें, ताकि सड़क निर्माण के लिए आवश्यक भूमि समय पर उपलब्ध हो सके और राज्य की अधिक से अधिक अनकवर्ड बस्तियों को सड़क नेटवर्क से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि आपका सक्रिय सहयोग हीदूरस्थ और वंचित क्षेत्रों तक विकास की रोशनी पहुंचाने में सबसे बड़ा संबल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *