पंजाब में पटियाला के अंतर्गत आते नाभा शहर के पुराना हाथीखाना मोहल्ला में बने गंदे और गहरे नाले से लावारिस हालत में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह स्थानीय लोगों ने नाले में शव तैरता देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर थाना कोतवाली के एसएचओ इंस्पेक्टर सौरव सभरवाल अपनी टीम के साथ पहुंचे और शव को नाले से बाहर निकलवाया। पुलिस के अनुसार मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम और पहचान के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पहले भी नाले में डूबने से हो चुकी मौत
स्थानीय निवासी सुखविंदर सिंह राणा और मंगत राम अरोड़ा ने बताया कि यह नाला काफी गहरा और खतरनाक है। अक्सर यहां वाहन चालक और पशु गिर जाते हैं, जिन्हें बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला जाता है। उन्होंने बताया कि कुछ वर्ष पहले इसी नाले में एक बुजुर्ग की डूबने से मौत हो चुकी है। उस समय भी मोहल्ला निवासियों ने नगर कौंसिल से नाले को कवर करने की मांग की थी, लेकिन आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।


