थाना क्षेत्र के एक गांव में चर्चित ‘नागिन’ प्रकरण ने सोमवार को नया मोड़ ले लिया। प्रेमी के साथ फरार हुई 21 वर्षीय युवती ने जिला न्यायालय में धारा 183 बीएनएसएस के तहत कलमबंद बयान के दौरान अपने पूर्व कथनों से पलटते हुए कहा कि वह अपने स्वजन के साथ घर जाना चाहती है।
न्यायालय में पेशी के दौरान युवती ने कहा कि वह कैसे और किन परिस्थितियों में युवक के साथ गई, उसे जानकारी नहीं है। बिस्तर पर सांप की केंचुल रखे जाने की बात से भी उसने अनभिज्ञता जताई। जबकि इससे पहले शुक्रवार को फफूंद थाने पहुंचकर उसने स्पष्ट रूप से कहा था कि वह अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ गई थी और कानपुर में आर्य समाज मंदिर में विवाह किया है। उसने विवाह की तस्वीरें भी दिखाई थीं।c
ऐसे शुरू हुआ था मामला
युवती का गांव के ही युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। स्वजन उसकी शादी कहीं और तय कर रहे थे। जिससे वह नाराज थी। इसी बीच वह घर से लापता हो गई। सुबह स्वजन ने बिस्तर पर सांप की केंचुल और युवती के गहने पड़े होने की बात कही। गांव में अफवाह फैल गई कि युवती ‘नागिन’ बन गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो मामला प्रेम प्रसंग का निकला। युवती के पिता ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इस बीच युवती ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर कहा कि वह अपनी मर्जी से गई है और उसने युवक से विवाह कर लिया है।
बयान में आया बदलाव…
शुक्रवार को थाने पहुंचकर युवती ने कहा था कि उसने केंचुल रखने का कोई नाटक नहीं किया, बल्कि वह सब उसके घरवालों ने किया। उसने यह भी बताया था कि उसे सपने में सांप दिखता था और घर में रखी केंचुल को ही बिस्तर पर रखकर मामला फैलाया गया। हालांकि सोमवार को न्यायालय से बाहर निकलते ही उसने एक वीडियो में कहा कि वह अपने घर जाना चाहती है। उसने यह भी कहा कि उसे याद नहीं कि वह कैसे गई और केंचुल वाली बात की जानकारी भी नहीं है। कोर्ट परिसर में वह लगातार घर जाने की जिद करती रही। पुलिस ने युवती को पिता के सुपुर्द किया।


