ऑनलाइन ट्रेडिंग के माध्यम से कर रहे थे ठगी, पुलिस ने दो आरोपियों को जींद से किया गिरफ्तार
साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग का झांसा देकर ठगी करने के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों से 60 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की है। आरोपितों की पहचान पंजाब के पटियाला निवासी सौरव दुग्गल व बलजिंद्र उर्फ अजय के रूप में हुई है। आरोपितों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।
साइबर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि गांव दबलैन निवासी अनिल कुमार ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसकी फेसबुक आइडी पर कृतिका अरोड़ा के नाम से फ्रेंड रिक्वेट आई थी। उसने विदेशी ट्रेडिंग का झांसा देकर अलग-अलग 11 बैंक खातों में उससे आठ लाख 90 हजार रुपये जमा करवा लिए।
जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपितों ने पैसे देने से मना कर दिया और फोन बंद कर लिए। साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने इस मामले में कुनाल खेड़ा, गुरजीत, सचिन, पवन व यशवीर को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
उनसे पूछताछ में सौरव दुग्गल व बलजिंद्र उर्फ अजय का नाम सामने आया। अब पुलिस ने इन दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों से पुलिस ने 60 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।


