बिछवां गांव में रात डेढ़ बजे के करीब आए पिकअप सवार घर के बाहर बंधी भैंस को खोलने लगे। खटपट सुन जागे किसान ने विरोध किया तो बदमाश
तमंचा तान भैंस को पिकअप में लादकर ले गए। चौकी से महज सौ कदम की दूरी पर हुई घटना से नाराज ग्रामीणों ने हंगामा कर नाराजगी जताई। चौकी पहुंचकर कई बार आवाज लगाने के बाद भी कोई पुलिसकर्मी बाहर नहीं आया तो ग्रामीणों ने कंट्रोल रूम पर घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसी कैमरे की फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
चौकी से महज सौ कदम की दूरी पर हुई घटना, ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
बिछवां गांव निवासी किसान प्यारेलाल पशु पालन कर स्वजन का भरण पोषण करते हैं। रोजाना की तरह रविवार रात को भैंस दरवाजे पर बंधी थी और वह भी वहीं चारपाई डालकर सो रहे थे। रात डेढ़ बजे के करीब एक पिकअप आकर वहां रुकी और उसमें से उतरे तीन बदमाश भैंस खोलने लगे।
खटपट की आवाज सुन प्यारेलाल ने जागकर देखा और शोर मचाना शुरू कर दिया। तभी एक बदमाश ने उनके सीने पर तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दी। इस बीच दो बदमाशों ने भैंस को पिकअप में लाद लिया। इसके बाद बदमाश पिकअप लेकर भाग गए।
कई आवाज देने के बाद भी नहीं जागे कर्मी, थाने से पहुंची पहुंची पुलिस ने की जांच
घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। बिछवां चौकी से महज सौ कदम की दूरी पर हुई घटना से ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने चौकी पर पहुंचकर काफी देर तक पुलिस कर्मियों को जगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी चौकी से बाहर निकलकर नहीं आया। इससे गुस्साए ग्रामीणों द्वारा कंट्रोल रूम पर सूचना दिए जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जहां पुलिस कर्मियों ने आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।


