उत्तरकाशी जिला न्यायालय में बम होने की सूचना मिलने पर सोमवार को पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए न्यायालय परिसर को खाली करा लिया। इस दौरान जिला जज गुरुबख्श सिंह सहित सभी अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
न्यायालय के आसपास के क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बना रहा। बताया जा रहा है कि बम की सूचना ईमेल के माध्यम से प्राप्त हुई थी, जिसके बाद जिला जज ने तुरंत पुलिस को अवगत कराया।
प्रशासन के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून से बम निरोधक दस्ता बुलाया जा रहा है। बम स्क्वॉड की जांच पूरी होने के बाद ही न्यायालय परिसर को दोबारा खोला जाएगा।


