गोरखपुर में मोतियाबिंद सर्जरी के बाद 12 मरीजों की आंखें निकलीं, स्वास्थ्य विभाग की जांच जारी

2.3kViews
1701 Shares

सिकरीगंज के जद्दूपट्टी स्थित न्यू राजेश हाईटेक अस्पताल में एक फरवरी को हुई मोतियाबिंद सर्जरी के बाद संक्रमण के गंभीर मामले में दो और मरीजों की आंख निकालनी पड़ी है। अब तक कुल 12 रोगियों की आंख निकाली जा चुकी हैं। ताजा मामलों में बनकटा निवासी 75 वर्षीय दीनानाथ और बारीगांव की शेखा देवी शामिल हैं।

दोनों का उपचार एम्स, दिल्ली में हुआ, जहां संक्रमण बढ़ने के कारण चिकित्सकों ने आंख निकालने का निर्णय लिया। दीनानाथ रविवार को एम्स से घर लौट आए, शेखा देवी का उपचार अभी जारी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बारीगांव पहुंचकर शंकरावती देवी का बयान दर्ज किया, उनकी भी आंख पिछले दिनों निकाल दी गई थी।

दीनानाथ के पुत्र हनुमान ने बताया कि एक फरवरी की शाम पांच बजे न्यू राजेश हाईटेक अस्पताल में पिताजी की आंख का आपरेशन हुआ था। दो घंटे बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। हम लोग उन्हें लेकर घर आ गए लेकिन रात 12 बजे आंख में दर्द होने लगा। भोर में चार बजे उन्हें लेकर हम लोग पुन: अस्पताल पहुंचे।

एक घंटे में डाक्टरों ने छह इंजेक्शन लगाए लेकिन दर्द कम नहीं हुआ। उन्हें लेकर हम लोग गोरखपुर चले गए, वहां डाक्टर ने बताया कि आंख में गंभीर संक्रमण हो गया है। इसके बाद हम लोग उन्हें लेकर एम्स दिल्ली चले गए। वहां डाक्टरों ने गंभीर संक्रमण के कारण उनकी आंख निकालने का निर्णय लिया।

पुन: 21 फरवरी को फालोअप के लिए बुलाया गया है। ठीक होने के बाद अस्पताल पर कार्रवाई के लिए हम लोग शिकायत करेंगे। शेखा देवी के पुत्र रमेश ने बताया है कि मेरी मां की आंख 12 फरवरी को एम्स दिल्ली में निकाली गई, उनका उपचार चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *