US का सपना, फर्जी दस्तावेज और ‘डंकी रूट’, 1.5 करोड़ की ठगी, इमिग्रेशन फर्म का मालिक गिरफ्तार

1058 Shares

 अमेरिका भेजने के नाम पर डेढ़ करोड़ की ठगी के आरोप में मोहाली पुलिस ने इमिग्रेशन फर्म के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित करनदीप सिंह उर्फ हैरी उर्फ चैंपी मोहाली सेक्टर-63 स्थित हाउसिंग बोर्ड फ्लैट में रहता है।

करनदीप के दोस्त व कारोबार में साझेदार बिक्रमदीप सिंह उर्फ फते और राजवीर कौर के खिलाफ भी केस दर्ज कर लिया गया है। 1.5 करोड़ की ठगी के अलावा 7 से 8 अन्य शिकायतें भी मिली हैं, जिनमें 2 से 3 करोड़ की धोखाधड़ी के आरोप हैं।

फेज-11 थाना पुलिस ने हरियाणा के फतेहाबाद के रहने वाले रोहताश की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार, करनदीप साइन वीजा के नाम से इमिग्रेशन व्यवसाय सीपी-67 माॅल से चला रहा था। आरोप है कि उसने लोगों को अमेरिका भेजने का वादा किया और फर्जी दस्तावेज तैयार किए।

पुलिस ने बताया कि उसने अवैध डंकी रूट यात्रा के लिए भारी रकम वसूली। कई मामलों में उसने पैसे लेने के बावजूद यात्रा की व्यवस्था नहीं की। एसएचओ अमनदीप बैदवान ने कहा कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है।

वित्तीय लेन-देन और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। अन्य शिकायतों की भी पड़ताल की जा रही है। डीएसपी हरसिमरन बल ने बताया कि कई पीड़ित उनके पास पहुंचे हैं। सभी शिकायतों को एकत्र कर सबूतों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *