राजौरी: सुंदरबनी में भक्ति का संगम, महाकालेश्वर मंदिर में शिवलिंग स्थापना कार्यक्रम संपन्न; उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

1588 Shares

महाकालेश्वर मंदिर तला मुदवाल में आयोजित शिवलिंग स्थापना कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। तीन दिन से चल रहे धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे क्षेत्र का माहौल भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम में राजगुरु अटल पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी विश्वमातानंद सरस्वती महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहे और श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश प्रदान किए।

कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक विधि-विधानों के बीच शिवलिंग स्थापना से जुड़े अनुष्ठान संपन्न किए गए। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने पूरे उत्साह के साथ पूजा-अर्चना में भाग लिया और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।

राजगुरु अटल पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी विश्वमातानंद सरस्वती महाराज ने अपने प्रवचनों में भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि शिव भक्ति से मनुष्य को आत्मिक शांति और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से धर्म, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरी ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर हाजिरी लगाई और पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि पर्व की हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारे, एकता और आध्यात्मिक ऊर्जा को बढ़ावा देते हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं हमारी पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और सरकार इन परंपराओं के संरक्षण एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से परिचित कराते हैं। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना तथा धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *