अमृतसर के छेहरटा क्षेत्र स्थित गांव खापड़खेड़ी में उस समय सनसनी फैल गई, जब शादी से एक दिन पहले दुल्हन अपने कथित प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई। 15 फरवरी को बारात आनी थी और 14 फरवरी को शगुन की रस्में होनी थीं, लेकिन शगुन से ठीक पहले लड़की के लापता होने की खबर ने दोनों परिवारों को सकते में डाल दिया।
जानकारी के अनुसार, 31 वर्षीय हरप्रीत सिंह निवासी डर्मा वाला बाजार, सुल्तान विंड रोड की सगाई आठ महीने पहले किरणदीप कौर के साथ हुई थी। दोनों परिवारों की सहमति से 15 फरवरी को शादी तय की गई थी। घर में टेंट, कैटरिंग और अन्य तैयारियां जोरों पर चल रही थीं।
हरप्रीत सिंह ने आरोप लगाया कि 14 फरवरी की सुबह करीब पांच बजे लड़की के परिजनों का फोन आया कि उनकी बेटी घर से लापता हो गई है। उन्होंने कहा कि एक दिन पहले किसी युवक ने फोन कर उन्हें बताया था कि उसका और किरणदीप का प्रेम संबंध है और वे शादी करना चाहते हैं। युवक ने रिश्ता तोड़ने की चेतावनी भी दी थी।
हरप्रीत का कहना है कि उन्होंने उस कॉल को गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन अब उन्हें शक है कि लड़की के परिवार को पहले से सब जानकारी थी और वे शादी की तारीख टालते रहे।


