केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने पिछले साल अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया प्लेन क्रैश की जांच के बारे में एक विदेशी मीडिया रिपोर्ट को गलत बताया है और कहा है कि जांच अभी भी चल रही है।
एक इटैलियन अखबार ने दावा किया था कि क्रैश की जांच कर रही एजेंसियों ने अपनी रिपोर्ट में पायलटों को दोषी ठहराया है। मोहोल ने शनिवार को कहा, “मैं आप सभी को बस यह बताना चाहता हूं कि हमारी जांच एजेंसियां इस मामले की जांच कर रही हैं।”
‘अपनी एजेंसियों पर भरोसा करना चाहिए या बाहरी लोगों पर?’
उन्होंने आगे कहा, “क्या हमें अपनी एजेंसियों पर भरोसा करना चाहिए या बाहरी लोगों पर? हमारी एजेंसियां इस पर काम कर रही हैं। एक बार फाइनल रिपोर्ट फाइनल आ जाए, तभी उस पर टिप्पणी करना सही होगा।”
अभी तक नहीं निकला कोई नतीजा
12 जून, 2025 को अहमदाबाद से टेक-ऑफ करने के तुरंत बाद लंदन गैटविक जा रही एयर इंडिया की बोइंग 787-8 एयरक्राफ्ट फ्लाइट AI171 के क्रैश होने से 241 यात्रियों समेत कुल 260 लोगों की मौत हो गई थी।
गुरुवार को एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने कहा कि जांच अभी भी जारी है और अभी तक कोई आखिरी नतीजा नहीं निकला है। मीडिया रिपोर्ट्स जो कह रही हैं कि हादसे की जांच पूरी हो गई है वह गलत और अंदाजा लगाने वाली हैं।


