MP-UP और राजस्थान में बारिश का अलर्ट, पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार; दक्षिण भारत के 4 शहरों में छाया कोहरा

2.9kViews
1815 Shares

 देशभर में मौसम तेजी से बदल रहा है। पहाड़ी राज्यों में कड़ाके की ठंड जारी है, जबकि कई मैदानी इलाकों में दिन का तापमान 30 डिग्री के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार 16 फरवरी तक हिमालयी क्षेत्रों में दो वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हैं।

17 फरवरी से हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में दिन का तापमान 30 डिग्री से ऊपर दर्ज किया जा रहा है।

राजस्थान, MP और UP में बारिश का अलर्ट

राजस्थान के कई जिलों में तापमान 35 डिग्री तक पहुंच गया है। बाड़मेर में शनिवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार 17-18 फरवरी को वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जिससे जयपुर और बीकानेर संभाग में हल्की बारिश हो सकती है।

मध्य प्रदेश में भी मौसम बदलने वाला है। ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग के 8 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। फिलहाल राज्य में दिन और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उत्तर प्रदेश में कई शहरों का तापमान 30 डिग्री पार कर चुका है। वहीं दिल्ली-NCR में औसत तापमान 11 डिग्री दर्ज किया गया है और AQI खराब स्तर पर है।

पहाड़ों में कड़ाके की ठंड, दक्षिण में कोहरा

उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में जबरदस्त ठंड पड़ रही है। मुनस्यारी में पारा -25 डिग्री, बद्रीनाथ में -16 डिग्र और गंगोत्री में -20 डिग्री दर्ज किया गया। दक्षिण भारत के तमिलनाडु के तिरुवल्लूर, कांचीपुरम और चेन्नई में घना कोहरा छाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *