सरहदी जिले पठानकोट के गांव भखड़ी में खेत से मिला पाकिस्तानी गुब्बारा; सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

2.9kViews
1763 Shares

भारत-पाकिस्तान के बॉर्डर से सटे जिले पठानकोट के बॉर्डर एरिया में स्थित गांव भखड़ी में शनिवार दोपहर उस समय हलचल मच गई, जब एक किसान के खेत में लगे पानी के ट्यूबवेल से पाकिस्तानी निशान वाला गुब्बारा लटकता मिला। गुब्बारे पर इंग्लिश और उर्दू में ‘पी आई ए’ लिखा हुआ था और उस पर चांद-सितारे का निशान अंकित था।

जानकारी के अनुसार, गांव भखड़ी निवासी किसान कुलदीप चंद शनिवार दोपहर अपने खेतों में काम के लिए गए थे। इस दौरान उन्होंने ट्यूबवेल के पास एक गुब्बारा लटकता देखा। पास जाकर देखने पर उस पर लिखे शब्दों और निशान को देखकर उन्हें संदेह हुआ। किसान ने तुरंत इसकी सूचना गांव के सरपंच को दी।

गांव वालों ने पुलिस को दी सूचना

सरपंच ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस चौकी बमियाल के प्रभारी विजय कुमार को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गुब्बारे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में गुब्बारे के साथ कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां हर एंगल से जांच कर रही हैं।

पुलिस चौकी प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि गुब्बारा कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। फिलहाल किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई है, लेकिन सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।

जम्मू-कश्मीर के जिलों में भी घटनाएं आ चुकी सामने

गौरतलब है कि पड़ोसी राज्य जम्मू-कश्मीर के जम्मू संभाग के जिला कठुआ के कुछ सीमांत गांवों में भी पिछले दिनों पाकिस्तानी गुब्बारे मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे मामलों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पहले से सतर्क हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *