शादी के 9 महीने बाद ही सोनभद्र की बेटी की पलामू में हत्या, जंगल में जलाया शव

2.3kViews
1046 Shares

पांडू थाना क्षेत्र के डाला कला गांव में बहू की हत्या कर शव जंगल में जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने जंगल से मृतका के हड्डी समेत अन्य अवशेष बरामद किए हैं। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग फरार बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस को प्रारंभिक सूचना मिली थी कि सितारा देवी नामक महिला की हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया गया है।

मृतका के जले हुए अवशेष बरामद

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विगेश कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। छानबीन के दौरान स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पुलिस डाला जंगल पहुंची, जहां मृतका के जले हुए अवशेष बरामद किए गए।

जांच में सामने आया कि हत्या के बाद शव को जलाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया। पुलिस दंडाधिकारी की मौजूदगी में जंगल में सर्च अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है।

हत्या कर शव जलाने की पुष्टि

उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया हत्या कर शव जलाने की पुष्टि हुई है। आरोपित ससुराल पक्ष के लोग फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मृतका सितारा देवी उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले की रहने वाली थीं।

उनकी शादी मई 2025 में डाला कला निवासी मुकेश भुइयां से हुई थी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *