‘पेमेंट नहीं करेंगे, जिसको कहना है कह दीजिए’; बिहार में BDO पर लगा 18% कमीशन मांगने का आरोप

2.5kViews
1179 Shares

 परबत्ता बीडीओ संतोष कुमार पंडित पर परबत्ता प्रखंड प्रमुख रीता देवी ने 18 प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप लगाया है। इधर, एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें परबत्ता बीडीओ गुस्से में प्रखंड प्रमुख से यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं- पेमेंट नहीं करेंगे, जाइए, जिसको कहना है कह दीजिए।

वीडियो में जो स्थान दिखाई पड़ रहा है, वह परबत्ता आईटी भवन स्थित ऑपरेटर कक्ष के पास का है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि दैनिक जागरण नहीं करता है। इधर, वायरल वीडियो को लेकर चर्चाओं का बाजार गरम है। एक जनप्रतिनिधि और एक अधिकारी आमने-सामने आ गए हैं।

इधर, परबत्ता प्रखंड प्रमुख रीता कुमारी ने कहा कि पंचायत समिति की योजना से कोलवारा गांव एवं कोलवारा पंचायत के नवटोलिया में पोखर निर्माण का कार्य कराया गया था। इसके अलावा, भोरकाठ में पेवर ब्लॉक से संबंधित कार्य भी हुआ था। ये सभी कार्य आठ माह पूर्व पूर्ण हो चुके हैं।

प्रखंड विकास पदाधिकारी के स्तर से 60 प्रतिशत राशि का भी भुगतान कर दिया गया है। 40 प्रतिशत राशि का भुगतान नहीं हुआ है। प्रमुख का आरोप है कि कार्य पूर्ण होने के बावजूद बीडीओ द्वारा राशि भुगतान में लगातार आनाकानी की जा रही है।

प्रमुख ने आरोप लगाते हुए कहा है कि बीडीओ 18 प्रतिशत कमीशन की मांग कर रहे हैं और बार-बार धमकी भरे लहजे में कहते हैं- जाइए, जिसको कहना है कह दीजिए। प्रखंड प्रमुख ने बीडीओ पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इस घटना की जानकारी देंगे। महिला आयोग जाने की बात भी कही हैं।

दूसरी ओर बीडीओ संतोष कुमार पंडित ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि संबंधित योजनाओं की जांच पूरी होने तक किसी भी प्रकार का भुगतान नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया है कि प्रखंड प्रमुख भुगतान को लेकर लगातार दबाव बना रहे हैं। उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *