संगठन को मजबूत करने के लिए भाजपा का बड़ा दांव, पदाधिकारी अब फील्ड में उतरकर देंगे ‘जीत का मंत्र’

1477 Shares

 संगठन के बल पर विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी भाजपा संगठन को अधिक मजबूत बनाने के लिए हरियाणा सहित कई राज्यों में संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ाने जा रही है। बैठक कर पूरे साल के कार्यक्रम की रूपरेखा बनाकर पार्टी पदाधिकारी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए फील्ड में उतरेंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश की अध्यक्षता में यह बैठक हरियाणा के फरीदाबाद के सूरजकुंड स्थित राजहंस होटल में वीरवार को होगी, जिसमें राष्ट्रीय तथा राज्य स्तर के पदाधिकारी तथा सभी संगठनात्मक जिलों के जिलाध्यक्ष मौजूद रहेंगे।

बैठक में वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य को देखकर प्रशिक्षण शिविर के लिए तिथि, जगह तथा विषय तय किए जाएंगे। भाजपा की नीति है कि पार्टी में जब भी नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चयन होता है तो संगठन के योजना विभाग की बैठक नए अध्यक्ष की ओर से ली जाती है। तीन दिन पहले पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष तथा सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश की मौजूदगी में कई राज्यों के पार्टी के प्रशिक्षण प्रमुख के साथ बैठक कर प्रशिक्षण शिविर लगाने के निर्देश दिए थे।

इसके तहत ही हरियाणा के लिए सूरजकुंड में बैठक होने जा रही है। पार्टी ने अपने इस अभियान का नाम पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महा अभियान का नाम दिया है। बैठक के बाद एक कार्यशाला भी होगी जिसमें विषय के साथ-साथ प्रदेश के सभी 370 मंडल तथा संगठनात्मक जिलों में कार्यक्रम तय करने के साथ कार्यक्रम प्रभारी भी तय किए जाएंगे।

प्रशिक्षण के लिए टोलियों की भी जिम्मेदारी तय की जानी है। एक तरह से पार्टी पदाधिकारी पूरे साल फील्ड में रहेंगे। इसके लिए हर माह के कार्यक्रम तय होंगे। प्रशिक्षण शिविर जहां भी लगेगा, वहां पर कार्यकर्ता तथा पदाधिकारी रात्रि प्रवास करेंगे। संगठन को मजबूती मिलेगी तो सरकार को भी संबल मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *