जिले के रामपुरा सब-डिवीजन के अधीन आते गांव फुल्लेवाला में मंगलवार को एक बार फिर बेअदबी की घटना सामने आने से इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। इससे पहले भी आठ फरवरी को गांव में इसी तरह की घटना सामने आ चुकी है। लगातार दूसरी बार हुई इस घटना के बाद गांववासियों में भारी रोष पाया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी (डी) जसमीत सिंह, डीएसपी (डी) संदीप सिंह तथा सीआईए स्टाफ की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने गांव के लोगों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया और भरोसा दिलाया कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
गांव फुल्लेवाला निवासी भरपूर सिंह ने बताया कि आठ फरवरी को गांव में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा धार्मिक बाणी के पन्नों की बेअदबी की गई थी। उन्होंने बताया कि पवित्र बाणी के पन्ने फाड़कर गांव के बाहरी इलाके में फेंक दिए गए थे। इस संबंध में थाना फूल में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया था।
उन्होंने आगे बताया कि मंगलवार सुबह करीब दस बजे जब गांव के कुछ लोग बाहरी क्षेत्र की ओर जा रहे थे, तो उन्हें वहीं पर फिर से धार्मिक बाणी के कटे-फटे पन्ने पड़े मिले। यह देख गांव में तुरंत खबर फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। इसके बाद तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई।
लगातार दूसरी बार बेअदबी की घटना सामने आने से गांव के लोगों में गहरा रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं आपसी भाईचारे और शांति व्यवस्था को बिगाड़ने का प्रयास हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि दोषियों की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
मौके पर पहुंचे एसपी (डी) जसमीत सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा।


