राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल मंगलवार को मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय पहुंचीं। विश्वविद्यालय परिसर में निर्मित कुलाधिपति वाटिका एवं सरोवर का उन्होंने विधिवत लोकार्पण किया।
इसके बाद राज्यपाल ने लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से संचालित विभिन्न निर्माण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशासनिक भवन, एकेडमिक ब्लॉक समेत अन्य निर्माणाधीन संरचनाओं को देखा और कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति पर संतोष जताया।
राज्यपाल का हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर उतरा, जहां से वे सीधे विश्वविद्यालय परिसर पहुंचीं। लोकार्पण कार्यक्रम के अवसर पर विश्वविद्यालय प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत आयोजित समीक्षा बैठक में विश्वविद्यालय प्रशासन ने शैक्षणिक नवाचार, पाठ्यक्रम विकास, सांस्कृतिक एवं धार्मिक अध्ययन तथा मंडल की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विशेष प्रोजेक्ट्स की जानकारी प्रस्तुत की।
राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ शोध और नवाचार का प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाना चाहिए।


