कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि 22 साल की एक महिला ने अपने ससुराल वालों की ओर से परेशान, प्रताड़ित और उसे वेश्यावृत्ति के लिए मजबूर किए जाने के बाद आत्महत्या कर ली।
कर्नाटक के बीदर जिले के भालकी की रहने वाली अंजनाबाई शेखर पाटिल बसावकल्याण में घर पर मृत पाई गई। अंजनाबाई ने 2022 में शेखर पाटिल से शादी की थी और इन दोनों का एक 11 महीने का बच्चा भी है। उसके ससुराल वाले बसावकल्याण का रहने वाले थे।
घर के अंदर लटका मिला शव
कथित आत्महत्या बसवकल्याण की ओम कॉलोनी में पाटिल के घर पर हुई। अंजनाबाई का शव घर के अंदर लटका हुआ मिला। उसके पिता विजयकुमार के बयान के आधार पर पुलिस ने पिछले हफ्ते मामला दर्ज किया।
आरोप है कि उसके ससुराल वाले रोजाना मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करते थे। कथित तौर पर उस पर वेश्यावृत्ति करने का दबाव भी डालते थे और उसे घरेलू हिंसा का शिकार बनाते थे। इससे तंग आकर अंजनाबाई ने आत्महत्या कर ली।
पुलिस हिरासत में तीन आरोपी
विजयकुमार ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी पर अवैध संबंध बनाने से इनकार करने पर हमला किया गया था। स्थानीय पुलिस ने अब शेखर पाटिल समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल तीनों आरोपी हिरासत में हैं और मामले की जांच की जा रही है।


