भरत तिवारी के घर पहुंचे UP कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, विकास दुबे का नाम लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय शनिवार को शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव पहुंचे। जहां उन्होंने कथित पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

इस दौरान उन्होंने मामले की जानकारी ली और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की।

अजय राय ने दावा किया कि भरत तिवारी भ्रष्टाचार और व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाता था, इसलिए उसकी हत्या की गई। उन्होंने कहा कि ‘वह व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई लड़ रहा था, मैं उसकी मां को नमन करता हूं, जिन्होंने ऐसे बेटे को जन्म दिया।’

विकास दुबे प्रकरण जैसा है एनकाउंटर

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में ब्राह्मण समाज को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के विकास दुबे प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि बिलौटी की घटना भी उसी प्रकार की है।

उन्होंने बिहार सरकार को ‘सुशासन नहीं, कुशासन की सरकार’ बताया और कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी।

अजय राय ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पीड़ित परिवार के किसी भी सदस्य को नुकसान पहुंचा, तो कांग्रेस पूरे देश में आंदोलन करेगी। इस अवसर पर पूर्व विधायक संजय तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी, जिलाध्यक्ष श्रीधर तिवारी, प्रखंड अध्यक्ष राजेश तिवारी, राकेश त्रिपाठी सहित कांग्रेस के कई स्थानीय पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

शाहपुर प्रकरण- स्वजनों से मिले हरियाणा के कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स

पुलिस द्वारा कथित तौर पर एनकाउंटर में मारे गए बिलौटी गांव निवासी भरत तिवारी के परिजनों से मिलने हरियाणा के कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स शनिवार को बिलौटी गांव पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान विधायक कुलदीप वत्स ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर परिस्थिति में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है तथा उन्हें न्याय मिलना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *