यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की 18 फरवरी से शुरू होने वाली परीक्षाओं को लेकर जिले में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। परीक्षाओं के सुचारु और पारदर्शी आयोजन के लिए 5 लाख 60 हजार उत्तर पुस्तिकाएं जिले में पहुंच चुकी हैं।
इन सभी उत्तर पुस्तिकाओं को राजकीय इंटर कालेज (जीआइसी) के कोठार में कड़ी सुरक्षा के बीच सुरक्षित रखा गया है। जीआइसी के प्रधानाचार्य सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि हाईस्कूल की 254655 ए-कापी और 58000 बी-कापी आ चुकी है।
इसी तरह इंटरमीडिएट की 133000 ए-कापी और 66838 बी कापी तथा कला की 47595 कापियां आ चुकी हैं। कोठार की सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है, वहीं 24 घंटे सीसी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है।
उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण 11 फरवरी से जिले के सभी परीक्षा केंद्रों के लिए किया जाएगा, ताकि समय से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी की जा सकें। इस वर्ष यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में जिले से कुल 95,993 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।
परीक्षार्थियों के लिए जिले भर में 151 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. रामचंद्र ने कहा कि परीक्षाओं को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हर स्तर पर निगरानी व्यवस्था मजबूत की गई है।
केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और उड़नदस्तों की तैनाती की जा रही है। बोर्ड परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ संपन्न कराई जाएंगी।


