भारत अमेरिका व्यापार समझौते पर विपक्ष की चुप्पी सवालों के घेरे में; जाखड़ ने मुख्यमंत्री मान से मांगा जवाब

1833 Shares

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पंजाब की विपक्षी पार्टियों पर हमला बोलते हुए कहा हैं कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का जो मसौदा सामने आया है तो वह चुप क्यों हैं। इतने दिनों से वह किसानों को गुमराह करने में जुटे हुए थे कि इस समझौते से उन्हें नुकसान होगा।

अब वह समझौते में देश और किसानों के हितों को सुरक्षित रखने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का धन्यवाद क्यों नहीं कर रहे। जाखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को अपनी चुप्पी तोड़नी चाहिए। पार्टी दफ्तर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए जाखड़ ने कहा कि भारत सरकार ने सावधानीपूर्वक विचार-विमर्श के बाद विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के साथ एक ऐसा समझौता सफलतापूर्वक किया है, जो देश और पंजाब में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देगा।

सरकार की प्राथमिकता किसानों के हितों की रक्षा करना

प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने लंबी बातचीत के बाद इस समझौते को अंतिम रूप दिया, जिसमें सरकार की प्राथमिकता किसानों के हितों की रक्षा करना थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिका से गेहूं, चावल, मक्का या पंजाब में उगाई जाने वाली किसी भी फसल का आयात नहीं किया जाएगा। इसी प्रकार डेयरी क्षेत्र की भी इस समझौते में पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की गई है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के नेताओं को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रीय हित में हुए इस समझौते के लिए सरकार को बधाई देनी चाहिए थी, लेकिन वे रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने में विफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप सरकार की चुप्पी स्वयं इस बात का प्रमाण है कि यह समझौता लाभकारी है।

उन्होंने कहा कि यह समझौता देश के निर्यात को बढ़ाएगा और औद्योगिक विकास को नई दिशा देगा, जिससे नए रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *