श्रद्धा, आंसू और स्मृतियां; फल्गु के तट पर महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार को अंतिम विदाई

2.7kViews
1633 Shares

 महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री स्वर्गीय अजित पवार की स्मृति में शुक्रवार को गयाजी की पावन धरती पर एक भावभीनी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम एनसीपी के राष्ट्रीय सचिव राणा रणवीर सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने नम आंखों से अपने प्रिय नेता को अंतिम प्रणाम किया।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान दिवंगत आत्मा की शांति के लिए विधिवत हवन और प्रार्थना की गई। इसके पश्चात पूरे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच स्व. पवार की अस्थियों का फल्गु नदी में विसर्जन किया गया।

अस्‍थ‍ि व‍िसर्जन के बाद क‍िया गया प‍िंडदान

इसके बाद परंपरा के अनुसार पिंडदान भी संपन्न हुआ। इस दौरान उपस्थित लोग भावुक हो उठे और कई कार्यकर्ताओं की आंखें छलक पड़ीं।

एनसीपी के राष्ट्रीय सचिव राणा रणवीर सिंह ने बताया कि स्व. अजित पवार का अस्थि कलश राष्ट्रवादी युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरज शर्मा को सौंपा गया था, जिसे महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, उनके पुत्र पार्थ पवार और जय पवार ने परिवार की ओर से सौंपा।

परिवार की इच्छा के अनुरूप देश की पवित्र नदियों में अस्थि विसर्जन की प्रक्रिया की जा रही है, इसी क्रम में मोक्ष नगरी गयाजी में यह धार्मिक अनुष्ठान किया गया।

इससे पूर्व अस्थि कलश का शहर भ्रमण भी कराया गया, ताकि स्व. अजित पवार को चाहने वाले लोग अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर सकें। रास्ते भर लोगों ने पुष्प अर्पित कर अपने नेता को याद किया।

श्रद्धांजलि सभा में राम छबीला सिंह, वरुण कुमार, देवेंद्र सिंह, अरविंद यादव, शांति देवी, बिहारी सिंह, कृष्ण मुरारी सिंह, अमित सिंह, अखिलेश कुमार राय, शशि भूषण कुमार, शशि भूषण कुमार, मनी सिंह सहित बड़ी संख्या में एनसीपी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *