बंगाल में नदी में मिला दूसरे विश्वयुद्ध के तीन जिंदा मोर्टार शेल, निष्क्रिय करने के प्रयास जारी
बंगाल के बांकुड़ा जिले के सोनामुखी में दामोदर नदी से रेत खनन के दौरान तीन मोर्टार शेल बरामद किए गए हैं। विशेषज्ञों का प्रारंभिक अनुमान है कि ये मोर्टार शेल दूसरे विश्वयुद्ध के समय के हैं।
मंगलवार को जब लोडर के जरिए नदी से रेत निकालने का काम चल रहा था, तभी रेत के साथ ये भारी-भरकम धातु के गोले बाहर निकल आए।
बांकुड़ा के पुलिस अधीक्षक सौम्यदीप भट्टाचार्य ने बताया कि बम निरोधक दस्ते ने स्थिति का जायजा लिया है, सेना के विशेषज्ञों से संपर्क साधा जा रहा है। जब तक सेना की टीम आकर इन्हें सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय नहीं कर देती, तब तक उस पूरे इलाके को पुलिस की निगरानी में रखा गया है। आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। बता दें कि बांकुड़ा में द्वारकेश्वर और दामोदर नदियों के तट से पहले भी मोर्टार शेल मिल चुके हैं।


