हरियाणा में पेपरलेस (कागज रहित) प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन लागू होने के बाद अब सरकार फेसलेस (बिना शारीरिक उपस्थिति) रजिस्ट्रेशन की दिशा में अगला कदम उठाने जा रही है। ‘फेसलेस प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन सिस्टम’ का पायलट प्रोजेक्ट मार्च के अंत तक फरीदाबाद से शुरू किए जाने की तैयारी है।
फरीदाबाद हरियाणा के शहरी निकाय, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल का विधानसभा क्षेत्र है। यदि यहां शुरू किया जाने वाला यह पायलट प्रोजेक्ट सफल रहता है, तो इसे चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।
मंत्री विपुल गोयल के निर्देश पर फेसलेस रजिस्ट्रेशन सिस्टम की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस संबंध में वित्त आयुक्त, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह पहल पूरी तरह डिजिटल, फेसलेस और नागरिक-केंद्रित प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की दिशा में एक अहम और महत्वाकांक्षी कदम साबित होगी।
उन्होंने कहा कि इस नई व्यवस्था से लोगों को रजिस्ट्रेशन कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और प्रक्रिया पहले से कहीं अधिक सरल और सुगम हो सकेगी।


