Saran DM ने किया सड़क परियोजनाओं का निरीक्षण, रिविलगंज बाईपास पर बनेगा 3 KM लंबा एलिवेटेड पथ

2.9kViews
1629 Shares

 जिलाधिकारी सारण वैभव श्रीवास्तव ने सोमवार को कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल छपरा तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी रिविलगंज व मांझी के साथ रिविलगंज–बिशुनपुरा बाइपास निर्माण परियोजना का पूरे एलाइनमेंट में स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परियोजना की प्रगति, तकनीकी आवश्यकताओं और भू-अर्जन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने बताया कि वर्षा ऋतु में लगभग तीन महीने तक घाघरा नदी का जलस्तर अत्यधिक बढ़ा रहता है, जिससे सड़क आवागमन प्रभावित होता है। इसे ध्यान में रखते हुए परियोजना में पूर्व प्रस्तावित 1200 मीटर एलिवेटेड पथ के अतिरिक्त गौतम ऋषि स्थान से आगे तक कुल तीन किलोमीटर एलिवेटेड पथ के निर्माण का प्राक्कलन तैयार कर विभाग को अनुमोदन के लिए भेजने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था भविष्य में बाढ़ के दौरान भी सुरक्षित व निर्बाध यातायात सुनिश्चित करेगी।

जिलाधिकारी ने पूरे एलाइनमेंट से संबंधित खेसरा पंजी को अद्यतन कर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि प्रभावित रैयतों को मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर परियोजना का निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जा सके। साथ ही उन्होंने रिविलगंज बाईपास का भी निरीक्षण किया और मार्च माह के अंत तक लगभग 90 प्रतिशत सड़क निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने मांझी–दरौली–गुठनी पथ निर्माण परियोजना का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इस पथ के निर्माण के लिए बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड द्वारा निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है तथा संवेदक का चयन हो चुका है।

जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि भू-अर्जन की कार्रवाई अविलंब शुरू कराएं, ताकि पथ निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए समयबद्ध तरीके से परियोजनाओं को धरातल पर उतारें, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधा मिल सके।

सेंगर टोला में फार्मर रजिस्ट्री शिविर का डीएम ने किया निरीक्षण, कार्य में तेजी के निर्देश

जिलाधिकारी सारण वैभव श्रीवास्तव ने मंगलवार को रिविलगंज नगर पंचायत अंतर्गत सेंगर टोला में किसानों के लिए आयोजित फार्मर रजिस्ट्री निर्माण शिविर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिविर में चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और मौके पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *