डिफेंस सेक्टर में अदाणी ग्रुप लगातार अपने कदम मजबूत कर रहा है। इसी क्रम में समूह ने इटली की प्रमुख एयरोस्पेस और डिफेंस कंपनी लियोनार्डो के साथ एक महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। इस साझेदारी के तहत अदाणी ग्रुप भारत में इंटीग्रेटेड हेलीकॉप्टर मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम स्थापित करने की दिशा में काम करेगा।
अदाणी ग्रुप का यह कदम केंद्र सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ पहल को मजबूती देने के साथ-साथ डिफेंस क्षेत्र में भारत को अधिक आत्मनिर्भर बनाने में सहायक साबित होगा। करार के तहत समूह ऐसी उन्नत विनिर्माण प्रणाली विकसित करेगा, जो सैन्य आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ हेलीकॉप्टर उत्पादन में देश की आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देगी।
इस साझेदारी से न केवल रक्षा उत्पादन को नई गति मिलेगी, बल्कि भारत में आधुनिक तकनीक, रोजगार के अवसर और वैश्विक स्तर पर डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग क्षमता भी मजबूत होगी।


