प्राचार्य ने मेडल देकर विजेताओं को किया सम्मानित
सिंगरौली दिल्ली पब्लिक स्कूल,निगाही में पूर्व- प्राथमिक कक्षाओं के नौनिहाल विद्यार्थियों के लिए अंतर-कक्षीय मिनी स्पोर्ट्स डे का आयोजन उत्साह पूर्वक किया गया। इसकी जानकारी देते हुए प्राचार्य सुखवंत सिंह थापर ने बताया कि छोटे बच्चों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन,सहयोग की भावना तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की आदत को विकसित करने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता प्रत्येक वर्ष नियमित तौर पर कराई जाती है।
इस खेल आयोजन में बाल वाटिका एक, दो, तीन के तीनों वर्ग एवं पहली कक्षा के दोनों वर्ग के सभी बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और खेलों के प्रति अपनी रुचि व ऊर्जा का परिचय दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत फ्री रेस से की गई, जिसमें संबंधित कक्षा के सभी बच्चों को समान अवसर प्रदान किया गया। इस दौड़ में बच्चों ने पूरे जोश और उमंग के साथ सहभागिता निभाई। फ्री रेस के उपरांत प्रत्येक कक्षा के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 6 बालक और 6 बालिकाओं का चयन किया गया। चयनित विद्यार्थियों के बीच अंतिम दौड़ आयोजित की गई, जिसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों का चयन किया गया। दौड़ के दौरान बच्चों में आत्मविश्वास, खेल भावना और अनुशासन स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
विजेता प्रतिभागियों की घोषणा करते हुए प्रियंका राज ने बताया कि बाल वाटिका एक से बालक वर्ग में जयेंद्र हरि पाण्डेय को तीसरा, मयंक रंजन को दूसरा, फरहान अहमद को पहला जबकि बालिका वर्ग में ऋषिका शाह को तीसरा, वेदिका वर्मा को दूसरा, एवं सृष्टि पटेल को पहला स्थान प्राप्त हुआ। वहीं बाल वाटिका दो से अनिरव सेन को तीसरा, दिव्यांश यादव को दूसरा, अनमोल अमृत को पहला जबकि बालिका वर्ग में स्वर्णा सिंह को तीसरा, अंशिका राज को दूसरा एवं अनिशा भगत को पहला स्थान प्राप्त हुआ। वहीं बाल वाटिका तीन से बालक वर्ग में रौनक कुशवाहा को तीसरा, ओजस्वी राज को दूसरा, मोहम्मद अनस अंसारी को पहला जबकि बालिका वर्ग में अनन्या कुमारी को तीसरा, नविका सिंह को दूसरा एवं प्रियांशी यादव को पहला स्थान प्राप्त हुआ। जबकि कक्षा पहली से बालक वर्ग में अर्नव शाह को तीसरा, अनमोल बी कुमार को दूसरा, रिवांश उरांव को पहला जबकि बालिका वर्ग में अदिति कुशवाहा को तीसरा, मानसी कुमार को दूसरा एवं यशस्वी सिंह को पहला स्थान प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतियोगिता प्रभारी आयशा अली के सहयोग से प्राचार्य श्री थापर ने विजेता बच्चों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, धैर्य और टीम भावना भी विकसित करते हैं। इस अवसर पर पूर्व प्राथमिक विभाग की सभी कक्षा अध्यापिकाएँ उपस्थित रहीं। उन्होंने पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों का मार्गदर्शन किया तथा उन्हें सुरक्षित एवं अनुशासित वातावरण प्रदान किया। शिक्षिकाओं के सहयोग और मेहनत से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ ।


