मानवाधिकार संस्था ‘राइट्स एंड रिस्क एनालिसिस ग्रुप’ ने शनिवार को बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ हो रही हिंसा पर एक गंभीर रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 1 दिसंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 के बीच लक्षित हमलों में कम से कम 17 हिंदुओं की हत्या कर दी गई है। इसके अलावा 16 घरों और मंदिरों को आग के हवाले कर दिया गया है।
संस्था ने आरोप लगाया कि कट्टरपंथी समूह चुनावी हिंसा की आड़ में हिंदू समुदाय को निशाना बना रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, सिर्फ पिछले एक सप्ताह में ही सात आगजनी की घटनाएं दर्ज की गई हैं।
प्रभावित क्षेत्रों में मुख्य रूप से चटगांव का मीर सराय और रावजान, फिरोजपुर और सिलहट शामिल हैं। इन इलाकों में लगातार हमलों और आगजनी की घटनाओं से अल्पसंख्यक समुदाय में भय और असुरक्षा का माहौल है।
मानवाधिकार संस्था ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की है कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। रिपोर्ट में कहा गया है कि यदि हिंसा पर तुरंत रोक नहीं लगाई गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।


