हिमाचल: बिलासपुर के बाद सोलन आरएलए में वाहन पंजीकरण फर्जीवाड़ा, पुलिस जांच में जुटी

1033 Shares

हिमाचल प्रदेश में वाहन पंजीकरण से जुड़ा एक और बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। बिलासपुर के बाद अब सोलन के पंजीकरण एवं लाइसेंसिंग प्राधिकरण (आरएलए) में व्यावसायिक वाहनों के पंजीकरण में अनियमितताओं का मामला उजागर हुआ है।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश में खरीदे गए ट्रकों को सोलन के शामती पते पर पंजीकृत किया गया है। इन वाहनों की भार उठाने की क्षमता को भी रिकॉर्ड में बढ़ाकर दिखाया गया है। हैरानी की बात यह है कि इन वाहनों का एमवीआई से फिजिकल वेरिफिकेशन तक नहीं कराया गया।

मामला सामने आने के बाद सोलन पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस ने आरएलए सोलन से वाहनों संबंधी कागजों का पूरा रिकॉर्ड मांगा है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मामला दर्ज

26 जनवरी को पुलिस थाना सदर सोलन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (4) के तहत आरएलए से मिली शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।

शिकायत में क्या कहा गया

आरएलए की ओर से दी गई शिकायत में कहा गया है कि रिकॉर्ड में मौजूद तथ्यों से व्यावसायिक वाहनों के पंजीकरण, भारी वजन में हेरफेर और हस्तांतरण में अनियमितताओं का संकेत मिला है। साथ ही, वाहन पोर्टल तक अनधिकृत पहुंच की संभावना भी जताई गई है। इसी आधार पर मामला पुलिस को सौंपा गया है।

स्थानीय प्रशासन और पुलिस अब इस पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है। यह मामला प्रदेश में वाहन पंजीकरण प्रणाली की पारदर्शिता और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *